*रात्रि ठहराव के दौरान उपायुक्त सतपाल शर्मा सुनेंगे ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर करेंगे समाधान
पंचकूला,(28 दिसम्बर) कमल कलसी,
ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम के अंतर्गत 29 दिसंबर को खंड रायपुरानी के गांव बागवाली स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सतपाल शर्मा गांव में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनका समाधान करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं सेवा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करेंगे।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी, जबकि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। वहीं खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, रायपुरानी द्वारा पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था के साथ-साथ आमजन को कार्यक्रम की जानकारी देने हेतु मुनादी करवाई जाएगी।