मऊ (7DayzNews)।प्रयागराज माघ मेले के दौरान शंकराचार्य जी के कथित अपमान एवं बटुकों पर पुलिस द्वारा किए गए अत्याचार के विरोध में उत्तर प्रदेश सरकार की सद्बुद्धि की कामना हेतु “बुद्धि शुद्धि यज्ञ” का आयोजन किया गया।
यह यज्ञ जिला कांग्रेस कमेटी, मऊ के पूर्व महासचिव गौरव कुमार राय के आह्वान पर 27 जनवरी 2026 को कोपागंज स्थित गौरीशंकर मंदिर में दोपहर 1 बजे सम्पन्न हुआ। यज्ञ के माध्यम से शंकराचार्य जी के अपमान और बटुकों पर हुए कथित अत्याचार के विरुद्ध विरोध दर्ज कराया गया तथा प्रदेश सरकार से सद्बुद्धि की कामना की गई।
इस अवसर पर गौरव कुमार राय ने कहा कि योगी सरकार ने सत्ता के अहंकार में सनातन परंपरा के सर्वोच्च धर्मगुरु का अपमान किया है, जिससे देशभर के हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। बटुकों के साथ जिस प्रकार चोटी खींचकर मारपीट की गई, वह सरकार की धर्म-विरोधी और तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता उमाशंकर सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा से धर्म का राजनीतिक इस्तेमाल कर समाज को बांटने का कार्य करती आई है।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रत्नेश राय ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार धर्म और ब्राह्मण विरोधी सोच के साथ कार्य कर रही है।
वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र सिंह ने मांग की कि उत्तर प्रदेश सरकार सार्वजनिक रूप से शंकराचार्य जी से माफी मांगे।
कार्यक्रम में वीरेंद्र कुशवाहा, छोटेलाल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अबसार अहमद, श्री प्रकाश मौर्य, रोशन विश्वकर्मा, जितेंद्र चौहान, अमित चौहान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।