नई दिल्ली, 13 दिसंबर (ईशान राय): भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) ने वरिष्ठ पत्रकार संगीता बरुआ पिशारोटी को अपना पहला महिला अध्यक्ष चुना है। यह चुनाव क्लब के भीतर लैंगिक समानता और समावेशी नेतृत्व की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

13 दिसंबर को हुए चुनाव में पिशारोटी के पैनल ने सभी 21 पदों पर शानदार जीत दर्ज करते हुए 21-0 से क्लीन स्वीप किया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में संगीता बरुआ पिशारोटी को 1,019 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अतुल मिश्रा और अरुण शर्मा को क्रमशः 129 और 89 वोट प्राप्त हुए।
महासचिव पद के लिए अफजल इमाम ने 948 वोट हासिल कर ज्ञान प्रकाश (290 वोट) को निर्णायक रूप से पराजित किया।
उपाध्यक्ष पद पर जतिन गांधी ने 1,029 वोट के साथ जीत दर्ज की।
अदिति राजपूत (कोषाध्यक्ष) और पीआर सुनील (संयुक्त सचिव) निर्विरोध चुने गए।
प्रबंध समिति के नतीजे
16 सदस्यीय प्रबंध समिति के चुनाव में नीरज कुमार ने 932 वोट के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उनके बाद अभिषेक कुमार सिंह, जहान्वी सेन, अशोक कौशिक, कल्लोल भट्टाचार्य, प्रवीण जैन सहित अन्य उम्मीदवार निर्वाचित हुए।

चुनाव परिणामों की घोषणा मुख्य चुनाव आयुक्त एमएमसी शर्मा ने पीसीआई लॉन में पत्रकारों की मौजूदगी में की।
परिणाम घोषित होने के बाद पिशारोटी ने कहा कि यह जीत स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति सदस्यों के भरोसे को दर्शाती है।
निवर्तमान अध्यक्ष गौतम लाहिड़ी और पूर्व महासचिव नीरज ठाकुर ने इस चुनाव को प्रेस क्लब के इतिहास में एक प्रगतिशील और प्रेरणादायक क्षण बताया।