नई दिल्ली/मऊ (7Dayznews)। घोसी और मऊ में “बाहरी लोगों को सांसद न बनाएं” वाले बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के इस वक्तव्य पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सांसद अतुल राय ने तीखा पलटवार किया है।


अतुल राय ने कहा कि “बाहरी बनाम स्थानीय” की बहस निरर्थक है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपने पैतृक गांव में प्रधान का चुनाव लड़ा, तब भी कुछ लोगों ने उन्हें बाहरी कह दिया, क्योंकि वे बनारस में रहते थे। इसलिए ऐसे बयानों की उन्हें आदत हो चुकी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि—
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात छोड़कर बनारस से क्यों लड़े?
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चंदौली छोड़कर कभी गाजियाबाद, तो कभी लखनऊ से चुनाव क्यों लड़ा?
- देश में सैकड़ों नेता अपने गृह क्षेत्र से बाहर भी चुने जाते हैं – तब क्या उन्हें भी बाहरी कहा जाएगा?
उन्होंने कहा कि यदि बीजेपी लखनऊ, बनारस और गोरखपुर जैसे स्थानों पर बाहरी उम्मीदवार दे सकती है, तो फिर घोसी और मऊ के लिए अलग पैमाना क्यों?
इस बयान के बाद मऊ के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने ए.के. शर्मा के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि जनता को मुद्दों से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।